रनियां कस्बे में इस तरह से हो रही बिजली की आपूर्ति।
बिजली विभाग की लापरवाही के चलते औद्योगिक क्षेत्र रनियां के किसरवल रोड में बांस बल्लियों के सहारे बिजली की आपूर्ति हो रही है। इसके चलते आए दिन फ ाल्ट होते हैं। क्षेत्रीय लोगों ने कई बार बिजली विभाग से खंभे लगवाए जाने की मांग की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
रनियां में बिजली विभाग का जिला कार्यालय है। इसके बाद बिजली आपूर्ति की स्थिति बदतर है। क्षेत्र के तमाम हिस्से में जुगाड़ से घरों तक आपूर्ति हो रही है। पोल न लगे होने से उपभोक्ता बांस बल्लियों के सहारे केबिल घरों तक खींच कर ला रहे हैं। आए दिन क्षेत्र में फाल्ट होते रहते हैं।
किसरवल रोड बस्ती में बल्लियों के सहारे लगभग 500 मीटर की दूरी तक बांस बल्लियों में केबल लटकी हुई हैं। वहीं, खंभे न लगे होने से कुछ उपभोक्ताओं ने छत में लगे कडे़ के सहारे केबल बांध रखी हैं। गांव वासियों ने बताया कि विभागीय अधिकारियो से कई बार खंभे लगवाने की मांग की गई है, लेकिन बिजली विभाग ने अनदेखी की। इस संबंध में जेई सुमित सिंह ने बताया कि शासन को बिजली कि खंभों का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। वहां से स्वीकृति मिलते ही काम शुरू करवाया जाएगा।