ग्रामीण क्षेत्रों में बागवानी फसल पैदावार में लगाए गए लोटनल (पाली हाउस) का कृषि व उद्यान अधिकारी ने निरीक्षण किया। विशेषज्ञों ने सब्जी फसल उत्पादन में पाली हाउस प्रयोग के संबंध में किसानों को जानकारी दी।
शनिवार को औद्यानिक विकास कार्यक्रम अंतर्गत जिला कृषि अधिकारी रामसजीवन, जिला उद्यान अधिकारी राजेंद्र कुमार व विशेषज्ञों की टीम ने दस्तमपुर, बाढ़ापुर, जगजीवनपुर गांवों का निरीक्षण किया। डीएचओ ने दस्तमपुर गांव में किसानों को बताया कि पाली हाउस में शिमला मिर्च, लौकी, तरोई, कद्दू वर्गीय आदि फसल लगाने पर कीटों के नुकसान करने की संभावना नहीं होती है। पाली हाउस मेें सब्जी फसलों का पूर्ण विकास होता है।
जिला कृषि अधिकारी राम सजीवन ने बताया कि प्रतिकूल तापमान होने पर सब्जी फसल की बुवाई पाली हाउस में करने पर उन्हें अनुकूल तापमान मिलता है। जिससे उनमें समय पर फल लगते हैं। विशेषज्ञ डा. संजय गुप्ता ने बताया कि पाली हाउस में सब्जी फसलों की बुवाई करने पर उत्पाद की गुणवत्ता बढ़िया मिलती है। टीम ने किसानों द्वारा सब्जी फसलों में लगाए गए पाली हाउस को देखा। इस मौके पर वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक संघशील गौतम, सीबी सिंह सहित किसान मौजूद रहे।