कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कस्बे में स्वागत समारोह में उमड़े लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गीता, उपनिषद समेत हर किताब में लिखा है कि सत्य सबसे जरूरी है। सत्य के लिए लड़ना व बोलना चाहिए, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी पूरे दिन झूठ बोलते हैं। ढाई साल में उन्होंने एक भी दिन सच नहीं बोला।
राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने खोखले वायदे किए हैं। 15 लाख से लेकर दो करोड़ लोगों को रोजगार देने के वायदे किए, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। आसाम, हरियाणा, बिहार, उत्तर प्रदेश समेत मोदी जहां भी जाते हैं, वहां हिंदू-मुसलिम के बीच जहर फैलाते हैं।
कहा कि बीजेपी गुस्सा फैलाती है, जबकि कांग्रेस प्यार करने वाली पार्टी है। हरियाणा में 10 साल तक कांग्रेस की सरकार रही तो चौतरफा विकास हुआ। कोई दंगा नहीं हुआ, लेकिन मोदी गए तो जाट व गैर जाट के बीच आग लगा दी।
कांग्रेस का मानना है कि देश हिंदू, मुसलिम, सिख, ईसाई समेत हर जाति व हर धर्म का है, यहां सबको शिक्षा, बिजली, पानी व उनका हक मिलना चाहिए, सबके सपने पूरे हों। कहा कि यूपी को जोड़िए, जो कायर हैं, उन्हें यहां से निकालिए।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मोदी सरकार ने फेयर एंड लवली कानून बनाकर सूट पहनने वालों को काला धन सफेद करने की छूट दे दी है। वहीं खाट ले जाने वाले किसानों को बीजेपी वाले चोर कहती है। कर्जदार किसान अपनी बात लेकर वित्त मंत्री अरुण जेटली के दफ्तर में जाता है तो वहां उसे दो झापड़ मारकर भगा देते हैं।
कहा कि बड़े उद्यमियों का करोड़ों रुपये माफ करने वाली केंद्र सरकार को किसान का कर्ज भी माफ करना होगा। उन्होंने पूछा कि हजारों गाएं हाईवे पर ट्रकों के नीचे आकर मरती हैं, लेकिन क्या मोदी ने एक भी गाय को बचाया ?