घाटमपुर(कानपुर)। सोमवार की दोपहर कस्बे में करीब डेढ़ घंटे तक हुई झमाझम बारिश से चारों ओर जलभराव का नजारा दिखा। कस्बे के कई मोहल्लों में निचली बस्ती के मकान टापू की शक्ल में तब्दील हो गए। वहीं, पोस्ट आफिस रोड, पुराना अस्पताल रोड, रेलवे स्टेशन रोड, रोडवेज बस स्टाप, चौरसिया गली, नगर पालिका रोड और श्री गांधी विद्यापीठ इंटर कालेज के बगल वाली गली में पानी नाले की शक्ल में बहता दिखा। कानपुर रोड पर भी बस स्टॉप के पास से लेकर पंजाब नेशनल बैंक शाखा के सामने तक पानी बहता दिखाई दिया।
इधर, कानपुर-सागर राजमार्ग के किनारे डाली जा रही नेयवेली पावर प्लांट के लिए वाटर लाइन के काम के चलते जगह-जगह खोदे गहरे तालाबनुमा गड्ढों में पानी भरने से रोड के किनारे स्थित मकानों और दुकानों के क्षतिग्रस्त होने और गिरने का खतरा बढ़ गया है। भाजपा के नगर महामंत्री अंकुर दीक्षित, पारस कांप्लेक्स के मालिक मनीष सचान, मोबाइल शॉप संचालक राजा पांडेय, सुजीत चौरसिया और साइकिल दुकानदार रमेश शर्मा ने बताया कि पावर प्लांट के लिए डाली जा रही पाइप लाइन के कस्बे के निवासियों लिए परेशानी की वजह बन गई है।
इधर, कस्बे के कई मोहल्लों की निचली बस्ती में बने मकानों के अंदर पानी भरने से समस्या पैदा हो गई थी। वहीं, दीना मार्केट रोड, टाकीज रोड, पुराना अस्पताल रोड, चौरसिया गली और नगरपालिका रोड पर कई दुकानों के भीतर पानी भर जाने से नुकसान हुआ है।
वहीं, सोमवार की दोपहर हुई झमाझम बारिश का पानी कोतवाली और तहसील भवन के अंदर भी भर गया। कोतवाली के दफ्तर, मालखाना और सिपाहियों की बैरकों में पानी भर जाने से समस्या हुई। दफ्तर के अंदर भरे पानी को बाहर निकालने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलवाकर पंप से पानी निकाला गया।
कोतवाली के हेड मोहर्रिर राजन सिंह और डाक प्रभारी बलवंत सिंह ने बताया कि बारिश का पानी भर जाने से महत्वपूर्ण अभिलेखों के भीग जाने और उनके खराब होने की आशंका है।