राजेंद्रा चौराहे से फत्तेहपुर मार्ग पर पैदल जा रहे वृद्ध को शुक्रवार को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। परिजन घायल को निजी अस्पताल में इलाज कराने के लिए पहुंचे। डाक्टर ने परीक्षण उपरांत घायल को मृत घोषित कर दिया ।
अकबरपुर कोतवाली के फत्तेहपुर गांव निवासी श्यामबाबू उर्फ श्याम बालक(55) रोजाना की तरह खेतों पर काम करने के लिए गए थे।
खेतों से काम खत्म कर घर वापस आ रहे थे। तभी गांव का राम नरेश पुत्र राम सजीवन बाइक लेकर आ रहा था । अचानक बाइक के सामने आवारा गाय व सांड़ आ गए। जानवरों से बचने के लिए बाइक सवार ने वृद्ध को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन वृद्ध को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। डाक्टर ने परीक्षण उपरांत घायल वृद्ध को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने रनियां पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रनियां चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मृतक के बेटे सतीश तिवारी ने तहरीर दी है, कार्रवाई की जा रही है।