भीतरगांव पुलिस चौकी क्षेत्र के निबिया गांव में ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दब जाने से एक वृद्धा की मौत हो गई। निबिया गांव निवासी अजय कुमार कुशवाहा का मकान बन रहा है।
शुक्रवार की सुबह पड़ोसी गांव इटर्रा के एक भट्ठे से ईंटें मंगवाई गई थीं। गांव के पूर्व प्रधान ऊधौ कुशवाहा का पुत्र शंकरलाल अपने ट्रैक्टर में किराए पर ईंटों की ढुलाई कर रहा था।
उसने ईंटों से भरी ट्राली अजय के दरवाजे के बाहर खड़ी कर दी और ट्रैक्टर लेकर चला गया। दोपहर में अजय की बेटी ज्योत्सना (03) ईंट लदी ट्राली के पास खेल रही थी। पास में ही उसकी दादी कुसुमा देवी (62) बैठी थी। तभी ट्राली असंतुलित होकर एक ओर पलटने लगी।
यह देख कुसमा ने वहां खेल रही पोती ज्योत्सना को खींचकर एक ओर किया। जबकि, वह खुद ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गई।
ट्रैक्टर ट्राली के नीचे दब जाने से कुसुमा की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर गांव के लोग दौड़े और ट्राली को सीधा करने के बाद उसे बाहर निकाला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
चौकी इंचार्ज महेश यादव ने बताया कि वृद्धा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। बताया कि यदि मृतक परिजन ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कोई तहरीर देते हैं तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।