अंबियापुर स्टेशन पर एनई एक्सप्रेस की जनरल बोगी से निकलता धुआं
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-हावड़ा रूट पर शुक्रवार को आनंद विहार से गुवाहाटी जा रही नार्थ-ईस्ट एक्सप्रेस बड़े हादसे का शिकार होते-होते बची। एनई की जनरल बोगी के पहियों में ब्रेक बाइडिंग से धुआं निकलने के बाद चिंगारियां उठने लगी।
नार्थ-ईस्ट एक्सप्रेस जैसे ही अंबियापुर के पास पहुंची, तभी क्रासिंग गेट मैन रामबाबू ने उसके इंजन से तीसरी जनरल बोगी संख्या 03449 के पहियों से धुआं व चिंगारी निकलते देखी। गेट मैन ने रूरा स्टेशन मास्टर महेशबाबू को सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने कानपुर कंट्रोलर को ट्रेन डाउन मेन लाइन पर रोकने की सूचना दी। ट्रेन को रूरा स्टेशन की मेन लाइन पर रोका गया। बोगी के पहियों से भीषण धुआं उठता देख उसमें बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्री आननफानन ट्रेन से नीचे उतर आए।
इस दौरान लोको पायलट आरडी सिंह, सह लोको पायलट विपिन कुमार व गार्ड आरसी मीणा मौके पर पहुंचे। टीएलसी व टीडीसी विभाग के कर्मचारियों ने ब्रेक बाइडिंग को ठीक किया। तत्पश्चात लोको पायलट ने स्टेशन मास्टर को घटना का मेमो देकर ट्रेन को रवाना किया।
स्टेशन मास्टर ने बताया कि ब्रेक बाइडिंग से रबर का लेदर पहियों से रगड़ता रहा। इससे गर्म होकर उससे धुआं और चिंगारी निकलने लगी। जिस पर काबू पा लिया गया है। ट्रेन को 12:28 बजे रोका गया। खामी दूर करने के बाद ट्रेन को 12:53 बजे रवाना कर दिया गया। इस दौरान टूंडला पैसेंजर, जियारत एक्सप्रेस व सागर मालगाड़ी सहित अन्य ट्रेनों को रोका गया है।
चार किलोमीटर तक निकलती रही चिंगारी रूरा। चार किलोमीटर तक नार्थ-ईस्ट एक्सप्रेस के पहियों से धुआं व चिंगारी निकलती रही। इसके बाद ट्रेन को रूरा स्टेशन पर रोक लिया।