क्षेत्र के देदूपुर गांव के सामने जीटी रोड स्थित नोन नदी के पुल पर रविवार देर रात टूटी हुई रेलिंग से स्कूटी सवार अधिवक्ता नदी में जा गिरा। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने पहचान होने के बाद मामले की सूचना परिजनों को दी। शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
मूलरूप से शिवराजपुर निवासी रीतेश तिवारी (32) पुत्र अशोक तिवारी पेशे से अधिवक्ता थे और वर्तमान में एल ब्लाक काकादेव में निवास कर रहे थे।
बताया गया है कि रविवार देर रात करीब एक बजे रीतेश अपने कुछ साथियों के साथ अलग-अलग दो पहिया वाहनों से खेरेश्वर गंगा घाट स्नान करने जा रहे थे। तभी अंधेरा होने से जीटी रोड पर क्षतिग्रस्त नोन नदी पुल पर वह स्कूटी समेत नीचे जा गिरा। दुर्घटना देख साथ चल रहे साथियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने नदी में गिर पड़े खून से लथपथ अधिवक्ता को जैसे-तैसे बाहर निकाला और गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने रीतेश को मृत घोषित कर दिया। एसओ राकेश यादव ने बताया कि दुर्घटना के समय अधिवक्ता हेलमेट लगाए थे, लेकिन ऊंचाई अधिक होने से शरीर में उन्हें गंभीर चोटें आई, जिससे उनकी मौत हो गई।