सरवनखेड़ा ब्लाक के कुरारी गांव के मजरा चंद्र नगर के ग्रामीणों ने गांव में एक भी शौचालय न होने के बावजूद अधिकारियों के अभिलेखों में शौचालय पूर्ण होने की रिपोर्ट देकर गुमराह करने की शिकायत जिलाधिकारी से की है।
कठेठी जिला पंचायत सदस्य चंद्र नगर गांव निवासी बड़े लाल चौहान और ग्रामीणों मुन्ना सिंह, ओमप्रकाश, बाबू सिंह, नंदकिशोर आदि ने जिलाधिकारी को भेजे शिकायती पत्र में लिखा है कि शासन द्वारा बनवाए जा रहे शौचालय की योजना से गांव में एक भी शौचालय न बनने के बाद भी उसमानपुर जमरेही की शौचालय सूची में सभी व्यक्तियों के नाम शौचालय बने दर्शाए गए हैं। साथ शौचालय की सूची में गांव के कई लोगों को अनुसूचित जनजाति में भी दिखाया गया है। जबकि पूरे गांव में अनुसूचित जन जाति का एक भी व्यक्ति नहीं रहता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शौचालय निर्माण कराने के लिए अधिकारियों से फरियाद कर रहे हैं। लेकिन सूची में शौचालय पूर्ण होने के कारण शिकायत नहीं सुनी जा रही हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी मौके पर जांच कराकर शौचालय बनवाने की गुहार लगाई है।