घाटमपुर। नगर पालिका प्रशासन जनवरी के महीने में सघन अभियान चलाकर अपनी जमीनों से अवैध कब्जे हटवाएगी। इसके लिए पालिका की जमीनों का चिन्हांकन कराए जाने के साथ ही संयुक्त टीम का गठन भी किया गया गया है। पालिका प्रशासन को कार्रवाई के लिए शासन और जिला प्रशासन से हरी झंडी मिल चुकी है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घाटमपुर नगरपालिका परिषद क्षेत्र में करोड़ों रुपये की सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे हैं। बताया कि इनमें कई भू-माफिया भी शामिल हैं। जिन्होंने पालिका की जमीनों पर कब्जे करने के बाद वहां पर लोगों को प्लाट बेंचकर मकान और दुकानें तक बनवा दीं। बताया कि अवैध कब्जे वाली जमीनों का बैनामा न कर उनकी नोटरी की गई है।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देश पर पालिका की जमीनों पर अवैध कब्जे हटवाने की कार्रवाई की जानी है। इसके लिए नगरपालिका, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई है। बताया कि संयुक्त टीम में जिनको शामिल किया गया है। उनमें राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार (खास), अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली घाटमपुर, राजस्व निरीक्षक (खास) के साथ ही घाटमपुर/वीरपुर, सिहारी/गुच्चूपुर, गोपालपुर-घाटमपुर/पल्टूपुर, स्योंदीललईंपुर/जैतीपुर और कुरसेड़ा/जाजपुर के क्षेत्रीय राजस्व लेखपालों को शामिल किया गया है।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि पालिका प्रशासन ने अवैध कब्जे वाली जमीनों को चिन्हित कर सूची तैयार कर ली है, जिसकी कापी भी राजस्व प्रशासन को उपलब्ध करा दी गई है। बताया कि कब्जामुक्त कराओ अभियान दिसंबर के अंतिम सप्ताह में ही शुरू होना था लेकिन, प्रशासनिक व्यवस्था के तहत अब जनवरी में चलाया जाना है।