राजस्व कर्मियों को वोटरों को प्रोत्साहित करने की शपथ दिलाते चुनाव अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं को परखने के लिए 24 से 30 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। उपचुनाव अधिकारी ने विधानसभा क्षेत्र के सभी बीडीओ, राजस्व निरीक्षकों, लेखपालों को समय से मोबाइल एप द्वारा सूचनाएं उपलब्ध कराने के आदेश दिए।
शुक्रवार को तहसील सभागार में उपजिलाधकारी पीसी श्रीवास्तव और तहसीलदार ब्यास नारायण उमराव के नेतृत्व में तहसील क्षेत्र के चौबेपुर, शिवराजपुर, उत्तरीपुरा, बिल्हौर, अरौल राजस्व क्षेत्र के सभी राजस्व निरीक्षकों, लेखपालों और विकास विभाग के सभी बीडीओ और एडीओ के साथ विधानसभा चुनाव संबंधी विशेष ट्रेनिंग दी गई।
एसडीएम ने विधानसभा क्षेत्र के सभी 430 पोलिंग बूथ का मौके पर जाकर निरीक्षण करने और बूथ पर मौजूद सभी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी जुटाकर निर्वाचन आयोग के मोबाइल एप पर अपलोड करने की जानकारी दी।
उन्होंने वोट डालने के लिए आने वाले विकलांगों सहित सभी मतदाताओं के लिए रैंप, पेयजल, छाया, शौचालय, फर्नीचर, बिजली और साफ-सफाई की सुविधाएं जांचकर तत्काल मोबाइल से फोटो खींचकर चुनाव आयोग के मोबाइल एप पर अपलोड करने के निर्देश दिए। तहसीलदार ने मोबाइल एप के संचालन की विधिवत जानकारी दी।
उन्होंने सभी कर्मियों से अपने-अपने क्षेत्र में महाविद्यालयों, इंटर कालेजों में जा-जाकर 18 वर्षीय युवकों को वोटर बनाने के आवेदन उपलब्ध कराने और मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए अभियान चलाने के आदेश भी दिए। इसके साथ ही रोज की प्रगति रिपोर्ट भी वीआरसी कार्यालय में जमा करने के आदेश जारी किए गए।