रविवार की भोर पहर स्कॉर्पियो सवार चार चोरों ने फिल्मी स्टाइल में सदर बाजार स्थित ज्वैलरी शॉप का ताला तोड़कर लाखों के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया। वहीं, दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की तस्वीरें कैद हो गई हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कस्बा के कालीगंज मोहल्ला निवासी ऋषि ओमर की सदर बाजार में आर आर ज्वैलर्स के नाम से शॉप है।
दुकान मालिक ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह करीब 4:50 बजे मोहल्लेवालों ने फोन पर उसे सूचना दी कि उसके दुकान का ताला तोड़कर कुछ लोग घुसे हैं। इस पर उन्होंने तुरंत थाना और चौकी में फोन किया। लेकिन, वहां पर फोन नही उठा। इसके बाद उसने कंट्रोल रूम फोन किया। इस पर वायरलेस से मैसेज मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज सोनकर, सीओ सदर पवित्र मोहन त्रिपाठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन, तब तक चोर दुकान से 150 ग्राम सोने व आठ किलो चांदी के जेवरात सहित गुल्लक में रखे करीब दस हजार रुपये लेकर सफेद रंग की स्कार्पियो से फरार हो गए। दुकान पहुंचने पर सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। गहनों के डिब्बे व शोकेस का शीशा टूटा था।
दोपहर को एसपी प्रभाकर चौधरी ने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे में कैद चोरों की फुटेज को बारीकी से देखा। सबसे व्यस्त इलाके व पुलिस की गश्त के बावजूद हुई चोरी की घटना से लोगों में आक्रोश रहा। उन्होंने शीघ्र घटना का खुलासा करने की मांग की।
रविवार सुबह करीब 4:30 बजे सर्राफा की दुकान में हो रही चोरी की घटना की सूचना पर पुलिस यदि तत्काल सक्रिय हो जाती तो चोरों को रंगे हाथों मौके से पकड़ जा सकता था। कुछ मोहल्लेवालों को जानकारी भी हुई पर कोई पर कोई घर से नहीं निकला। ऋषि ओमर के अनुसार जब उसकी दुकान का ताला तोड़ा जा रहा था, तभी आवाज सुनकर मोहल्ले के लोगों ने उसे फोन से सूचना दी। उसने तुरंत थाना व चौैकी में फोन किया। लेकिन, दोनों जगह फोन नहीं उठा। घटनास्थल से अकबरपुर पुलिस चौकी महज कुछ दूरी पर है। घटना के करीब एक घंटे बाद उच्चाधिकारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। तब तक चोर घटना को अंजाम देकर फरार हो चुके थे।
सदर बाजार अकबरपुर में रात समय पुलिस पिकेट लगती है। लेकिन, सुुबह चार बजे पुलिस की गश्त खत्म हो जाती है। चोरों को इस बात की जानकारी थी। चोरों ने इसी के अनुसार घटना को अंजाम देने के लिए चार बजे के बाद का समय निर्धारित किया।
अकबरपुर में सराफा व्यवसायी ऋषि ओमर के यहां रविवार भोर हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस एसपी ने कार्य में शिथिलता बरतने पर तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया। पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने बताया कि लापरवाही पाए जाने पर एसआई सूबेदार बिंद, एचसीपी रामराज सिंह, मुंशी अकबर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। फिंगरप्रिंट टीम ने नमूने लिए हैं। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई है।