भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में कानपुर रेल लाइन पर दलेल नगर क्रॉसिंग के पास एक अधेड़ ने गत रविवार रात ट्रेन के आगे छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार को सवेरे स्टेशन मास्टर के मेमो पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिला है।
दलेल नगर रेलवे क्रासिंग के पास खंभा नंबर 1290/20 के सामने सोमवार की सुबह पेट्रोल मैन हुकुम सिंह को पटरी पर ट्रेन से कटा हुआ शव पड़ा मिला। उसने गेटमैन जगमोहन को सूचना दी। गेटमैन ने मैसेज पुखरायां स्टेशन मास्टर को भेजा। स्टेशन मास्टर नरेंद्र वर्मा ने भोगनीपुर कोतवाली को मेमो भेजा।
विज्ञापन
इस पर पहुंचे चौकी इंचार्ज सुनील कुमार जोशी ने पहले मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। वहीं राहगीरों से यह सूचना आसपास के गांव में पहुंच गई। पहचान करने पहुंचे पिलखिनी के अनिल और राममिलन ने मृतक की पहचान अपने भाई संतोष कुमार (42) के रूप में कर ली। बताया कि वह रविवार को शाम से घर नहीं पहुंचा था। उसे तलाश किया जा रहा था। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजते समय पुलिस को मृतक की जेब से एक पत्र मिला। इसमें आत्महत्या करने की बात लिखी है।
चौकी इंचार्ज ने बताया आत्महत्या का कारण पारिवारिक कलह लिखा है। इसमें उसने रविवार को ही घर से आत्महत्या के लिए निकलने की बात भी कही है। सुसाइड नोट को सुरक्षित रखा गया है। वहीं परिजनों ने सुसाइड नोट की जानकारी होने से इंकार किया है। बताया कि संतोष कुमार की पत्नी सुधा और दो पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।