जहरखुरान गिरोह के सदस्यों ने कसबे के एक वरिष्ठ वकील को अपना शिकार बनाया। बदमाशों ने उनको कोई नशीली चीज खिलाने के बाद बेहोश कर दिया और उनका सामान लेकर चंपत हो गए।
रविवार की सुबह वह रोड के किनारे बेहोश पड़े मिले। इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती करवाया गया। जहां से डाक्टरों ने उनको बेहोशी की हालत में कानपुर रेफर कर दिया।
कसबे के सदर बाजार निवासी प्रताप सिंह (62) तहसील कचहरी में वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। उनके परिजनों ने बताया कि गत दिवस वह एक रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने झांसी गए थे।
वह हाथ में सोने की अगूंठी और गले में चेन पहने होने के साथ 20 हजार रुपये नगद और अटैची लेकर गए थे।
रविवार की सुबह अधिवक्ता प्रताप सिंह बेहोशी की हालत में कोतवाली के बगल में मुगल रोड के किनारे बेहोश पड़े मिले।
उनकी अटैची, चेन और अंगूठी के साथ ही जेब में पड़े रुपये गायब मिले। पुलिस ने उनको कसबा स्थित बेनीसिंह अवस्थी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उनके जहखुरानी का शिकार होने की बात कही और गंभीर हालत देख कानपुर रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अधिवक्ता के साथ झांसी से आते समय कहीं रास्ते में जहखुरानी हुई है। बताया कि देर शाम तक वकील के पूरी तरह होश में न आने से घटना के बाबत पूछताछ नहीं की जा सकी है।
बताया कि उनके स्वस्थ होकर घर लौटने पर कार्रवाई की जाएगी।