घाटमपुर/भीतरगांव (कानपुर)। रविवार को भी लॉकडाउन पूरी तरह प्रभावी रहा। इस दौरान घाटमपुर के अलावा भीतरगांव, साढ़, कुड़नी, सजेती, बरीपाल, पतारा, रेउना, श्रीनगर, नवेड़ी, अनूपुर मोड़, नौरंगा और पड़री-लालपुर सहित अन्य कस्बों के बाजारों में कोई दुकान नहीं खुली। सड़कों पर सवारी वाहन भी नहीं चले।
पुलिस ने फल और सब्जी की ठेलिया लगाने वालों और पटरी दुकानदारों को भी नहीं बैठने दिया। जबकि, लॉकडाउन में बिना किसी काम के घरों के बाहर घूमते दिखे लोगों को चेतावनी देकर घरों में रहने के निर्देश दिए।
वहीं, कई दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों के चालान भी काटे। कस्बे के कानपुर-सागर राजमार्ग और मुगल रोड पर लंबी दूरी के भारी वाहन ही चलते दिखाई दिए। वहीं, सजेती और भीतरगांव के बाजारों में दुकानों की पूर्ण बंदी रहने से सन्नाटा रहा।