चिलहंटा गांव में एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव बेटी के दुपट्टे से लटका मिला। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
उपेंद्र सिंह उर्फ लाला यादव की शादी वर्ष 2002 में ग्राम लखौंदा (हमीरपुर) निवासी नीरजा देवी (35) के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे अंजली (14) और आर्यन (छह) हैं।
रविवार की सुबह उपेंद्र का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद उपेंद्र घर से चला गया। दोपहर में नीरजा ने कमरा बंद करके पुत्री के दुपट्टे से फांसी लगा ली। बच्चे घर पहुंचे तो मां को न देख उसकी तलाश शुरू की। कमरा बंद देखकर जंगले से झांककर देखा तो मां का शव फंटे से लटक रहा था।
सूचना पर सीओ जीतेंद्र कुमार और एसओ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतका की बेटी अंजली और पड़ोसियों से पूछताछ की। फील्ड यूनिट को भी बुला लिया गया। उधर देर शाम तक मृतका का पति अपने घर नहीं पहुंचा। बताया जाता है कि वह बाहर किसी गांव में फसल की कतराई करने गया है। जबकि सूचना पाकर मृतका के मायके वाले हमीरपुर से निकल चुके है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के पति और उसके मायके वालों के आने के बाद ही कुछ जानकारी हो पाएगी।