घाटमपुर (कानपुर देहात)। कस्बे के सूर्या पब्लिक इंटर कालेज में शनिवार को जिला स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें 49 किलोग्राम भार वर्ग में सूर्या पब्लिक इंटर कालेज के ही जूनियर वर्ग के छात्र रीतेश सिंह ने 102 किलोग्राम भार उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, 67 किलोग्राम भार वर्ग में मथुरा प्रसाद आदर्श इंटर कालेज, रवाईपुर के छात्र अभिनव ने बाजी मारी। प्रतियोगिता में छात्राओं ने भी प्रतिभाग किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य निशांत सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सूर्या पब्लिक इंटर कालेज के साथ राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जहांगीराबाद और मथुरा प्रसाद आदर्श इंटर कालेज रवाईपुर के छात्रों ने प्रतिभाग किया। जिसमें सूर्या पब्लिक इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं ने बाजी मारी।
जूनियर वर्ग में 55 भार वर्ग में उत्कर्ष सिंह, 61 भार वर्ग में अक्षत सचान, 67 भार वर्ग में निखिल यादव, 81 भार वर्ग में अतुल कुमार, ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि, सीनियर वर्ग में सचिन सैनी ने 100 किलोग्राम, ऋषभ सिंह ने 81 किलोग्राम, अभिनव ने 75 किलोग्राम, गौरव यादव ने 129 किलोग्राम और उज्वल पांडेय ने 85 किलोग्राम भार उठाकर प्रथम स्थान पाया। वहीं बालिकाओं ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।
इस मौके पर विद्यालय संचालिका विजय लक्ष्मी, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जहांगीराबाद के व्यायाम शिक्षक अनिल सचान, रवाईपुर इंटर कालेज के व्यायाम शिक्षक संतोष त्रिपाठी और सुधीर कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।