घाटमपुर कस्बे के कानपुर-सागर राजमार्ग पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : GHATAMPUR
घाटमपुर। मंगलवार को कस्बा घाटमपुर, सजेती और बरीपाल में पूर्ण लॉकडाउन का असर दिखा। प्रशासन की सख्ती के चलते लोग घरों से बाहर घूमते नहीं दिखे। इधर, सुबह पुलिस-प्रशासन ने दुकानें खोलने पहुंचे दुकानदारों को लौटा दिया और होम डिलेवरी करने के निर्देश दिए। जिसके चलते फल-सब्जी डोर टू डोर जबकि, किराना का सामान और रसोई गैस की सप्लाई आर्डर देने पर की गई।
घाटमपुर, सजेती और बरीपाल कस्बों में कोरोना संदिग्धों के मिलने और तब्लीगी जमातियों के रुकने के चलते इलाके को रेड जोन घोषित किया गया है। इस इलाके में अबतक चार मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई है। सोमवार को जिलाधिकारी ब्रह्मदेव राम तिवारी और एसएसपी/डीआईजी अनंत देव त्रिपाठी ने पतारा, घाटमपुर, सजेती और बरीपाल का दौरा करके हालातों का जायजा लिया था। इसके बाद मंगलवार से इलाके को रेड जोन घोषित करने के बाद संपूर्ण लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार की सुबह से ही कस्बे की सड़कों और गलियों में सन्नाटा दिखाई दिया। फल-सब्जी के ठेले भी नहीं सड़क किनारे नहीं दिखाई दिए। कस्बे के कानपुर-सागर राजमार्ग और मुगल रोड पर आवश्यक सेवाओं और पुलिस-प्रशासन के इक्का-दुक्का वाहन ही दौड़ते दिखाई दिए।