घाटमपुर (कानपुर)। कस्बे के एक मोहल्ले में बुधवार की रात ट्रक चालक ने मूक-बधिर किशोरी को खींचकर ले जाने की कोशिश की। परिजनों के जागने और शोर मचाने पर आरोपी भाग निकला। कोतवाली में किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ घर में घुसकर छेड़खानी करने और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपी ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी किशोरी के पिता ने बताया कि मोहल्ला निवासी ट्रक चालक सोनू तीन-चार दिनों से अपना ट्रक उसके दरवाजे के पास खड़ा कर रहा था। बुधवार को भी ट्रक खड़ा किया था। रात करीब 10.30 बजे उसकी 16 वर्षीय पुत्री घर में दादी के पास सो रही थी। तभी, ट्रक चालक घर में घुसा और दादी के बगल में सो रही उसकी बेटी का हाथ पकड़ करके घर से बाहर घसीटकर ले जाने लगा। इसी दौरान परिवार के सदस्यों की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाया और पीछा किया तो आरोपी किशोरी को छोड़कर भाग निकला। पिता ने बताया कि उसकी बेटी मूक-बधिर है। गुरुवार को कोतवाली में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
कोतवाली के इंस्पेक्टर (क्राइम) नवाब अहमद ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी ट्रक चालक सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि आरोपी फरार है। पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।