घाटमपुर (कानपुर )। नगर पालिका की ओर से बनवाई गई कान्हा गोशाला में बंद गोवंशों को जाड़े से बचाने के लिए पालिका प्रशासन ने इंतजाम किए हैं। इसके तहत बंद टीनशेड के अलावा पुआल बिछवाने की व्यवस्था की गई है। जबकि, चारे के लिए भूसे और पुआल का स्टॉक जमा कराया जा रहा है।
कस्बे के हमीरपुर रोड पर स्थित जल निगम कार्यालय के बगल में पालिका प्रशासन ने गाटा संख्या-760 के कुल क्षेत्रफल 0.6890 हेक्टेयर क्षेत्रफल में पशु आश्रयस्थल (कान्हा गोशाला) का निर्माण कराया है। इसमें 28 गोवंश रखे गए हैं। पालिका के अधिशासी अधिकारी उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गोशाला में रखे गए मवेशियों की देखरेख, चारा-पानी, परिसर की साफ-सफाई के लिए चार कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।
बताया कि परिसर की नियमित तीन बार सफाई करवाई जाती है जबकि, मवेशियों के लिए पक्की नादों में भूसे की सानी और चारे की व्यवस्था की जाती है। मंगलवार शाम परिसर में बंद मवेशी नादों में भूसे की सानी खाने में व्यस्त थे। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि धान का पुआल सजेती क्षेत्र से मंगवाया गया है। इसको टीनशेड के अंदर बिछवाया जाना है। बताया कि पुआल के गीला होने पर उसे हर तीसरे दिन बदलने के भी निर्देश हैं।