बिल्हौर। बिल्हौर के मुराद नगर मोहल्ला स्थित एसबीआई कर्मी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शाखा को सील कर स्टाफ के 17 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। वहीं शिवराजपुर थाने और सुघरदेवा गांव में चिकित्साकर्मियों ने कैंप लगाकर संदिग्धजनों का कोरोना सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया।
सोमवार दोपहर कस्बे की एसबीआई कर्मी कोरोना संक्रमित होने के बाद बैंक शाखा में खलबली मच गई। जानकारी के अनुसार सोमवार को शाखा प्रबंधक और पाजिटिव मिले करीब 40 वर्षीय कर्मी सुबह ही एक कार में सवार होकर बैंक पहुंचे थे, दोपहर बाद कर्मी की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर बैंक में खलबली मच गई, आनन-फानन में शाखा प्रबंधक ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। सीएचसी प्रभारी डा. एके तिवारी ने बताया कि सूचना के फौरन बाद ही संक्रमित मिले बैंक कर्मी को उपचार के लिए एंबुलेंस से कोविड अस्पताल भेजा गया है। शाखा प्रबंधक ने बैंक भवन को तीन दिनों तक बंद करने की भी सूचना है। वहीं, सोमवार को शिवराजपुर में पुलिस थाना और सुघरदेवा गांव में विशेष कैंप लगाकर संदिग्धों के कोरोना सैंपल लेकर जांच के लिए कानपुर प्रयोगशाला भेजे गए।