रूरा रेलवे क्रासिंग पर खड़ा खराब ढुलाई वाहन।
रूरा। दिल्ली-हावड़ा रूट के रूरा पश्चिमी रेलवे क्रासिंग पर मंगलवार दोपहर माल ढुलाई वाहन खराब हो गया। क्रासिंग के पास बीच मार्ग पर वाहन खराब होने से क्रासिंग बंद रहने के कारण क्रासिंग के दोनों साइड वाहनों की लंबी कतार लग गई।
कस्बे के पश्चिमी रेलवे क्रासिंग की तीसरी लाइन फाटक से बाहर है। वहीं, मंगलवार सुबह 8:30 बजे रेलवे के स्थानीय माल की ढुलाई करने वाला वाहन तीसरी लाइन के मार्ग के बीचो बीच खराब हो गया। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण क्रासिंग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सुबह से ही तेज धूप व गर्मी होने के कारण लोग गर्मी व उमस से बिलबिलाते रहे।
करीब डेढ़ घंटे बाद तकनीकी खराबी दूर कर वाहन को मार्ग से हटाया गया। वाहन के हटते ही लोग निकलने को लेकर आपाधापी करने लगे, इससे भी जाम की स्थिति बनी रही। वहीं सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने बेतरतीब वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया।