उत्तर प्रदेश राजस्व विभाग की सलाहकार एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ने गुरुवार को तहसील का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री संदर्भ व आनलाइन संदर्भ को प्राथमिकता से देखा। वहीं अधिवक्ताओं ने तहसील भवन के अधूरे निर्माण कार्यों और अधिवक्ता भवन निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए ज्ञापन सौंपा।
उत्तर प्रदेश राजस्व विभाग सलाहकार और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राजकुमारी कुशवाहा गुरुवार शाम पांच बजे डेरापुर तहसील का निरीक्षण करने पहुंची। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले मुख्यमंत्री से संबंधित संदर्भों की जानकारी ली। इस पर उनको एक संदर्भ व आन लाइन की गई छह शिकायतें लंबित मिलीं। एसडीएम सुरजीत सिंह ने शुक्रवार तक सभी लंबित शिकायतों के निस्तारण करने की बात कही। राज्यमंत्री ने एसडीएम सुरजीत सिंह एवं तहसीलदार राजीव उपाध्याय को कहा कि शिकायतों का सही समय पर निस्तारण किया जाए। वहीं लेखपालों से वार्ता करते हुए निष्पक्षता व लगन से कार्य करने की बात कही।
वसूली के संबध में तहसीलदार राजीव उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष अब तक 73 प्रतिशत वसूली हो चुकी है। राज्यमंत्री ने कार्य संतोषजनक पाए जाने पर अधिकारियों व कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया। वहीं अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि मंडल ने राज्य मंत्री को मांगपत्र देते हुए अधिवक्ता भवन का निर्माण पूरा न होने, तहसील भवन के आगे मैदान का समतलीकरण, आरसीसी करने व बाउंड्रीवाल का निर्माण पूरे न करने की शिकायत की। प्रतिनिधिमंडल में उदयवीर सिंह, गिरिंद्र सिंह, राजकुमार तिवारी, भरत शर्मा व सुधींद्र मिश्रा शामिल थे। राज्यमंत्री का डेरापुर जाते समय रास्ते में मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष शाहरुख खान ने राजस्व सलाहकार राजकुमारी कुशवाहा का स्वागत किया।