डेरापुर थाना क्षेत्र के सनिहापुर गांव में एक युवक ने किशोरी से दुष्कर्म होने की झूठी सूचना डायल 100 टीम को दे दी। इससे डायल 100 व पुलिस टीम घटनास्थल और पीड़िता की तलाश में परेशान रही।
सूचना गलत होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। गलत सूचना देने वाले युवक का मोबाइल सर्विलांस पर लगाकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
थाना प्रभारी निरीक्षक फाजिल सिद्दीकी ने बताया कि गलत सूचना देने वाले नंबर पर जब पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर घटनास्थल की जानकारी करने का प्रयास किया तोे मोबाइल पर घंटी जाती रही लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। झूठ सूचना देने वाले अज्ञात मोबाइलधारक का नंबर सर्विलांस पर ट्रेस कराने के बाद गलत देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को भ्रामक जानकारी देने के मामले पहले भी प्रकाश आ चुके है। करीब सत्रह दिन पहले सनिहापुर गांव में मर्डर होने की सूचना अज्ञात नंबर से पुलिस को दी गई थी। प्रभारी निरीक्षक के अवकाश पर होने के चलते इंचार्ज थानाध्यक्ष सुशील पाराशर आनन फानन पुलिस बल के साथ सनिहापुर गांव पहुंचे थे लेकिन ग्रामीणों से जानकारी करने व खोजबीन करने पर सूचना गलत पाई गई थी।