मौसम में उतार-चढ़ाव होने से जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या हर रोज एक हजार का आंकड़ा पार कर रही है। शनिवार को गंगा मेला और रविवार के बाद खुली ओपीडी में दोपहर तक मौसमी संक्रामक बीमारियों के मरीजों की लाइन लगी नजर आई।
पीड़ित मरीज ओपीडी में घंटों खड़े रह कर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। वहीं, डाक्टरों ने गर्मी के मौसम में लोगों को ऐहतियात बरतने की सलाह दी है।
मौसम में बदलाव होने से गर्मी की शुरूआत हो चुकी है। ऐसे में अब पीलिया, बुखार, सर्दी, जुकाम, पेट दर्द, उल्टी-दस्त, डिहाइड्रेशन, फूड प्वॉयजनिंग, टायफाइड जैसी बीमारियों में इजाफा होने लगा है।
सोमवार को अकबरपुर संयुक्त जिला अस्पताल खुलते ही बड़ी संख्या में मौसमी संक्रामक बीमारियों के मरीजों की भीड़ ओपीडी कक्षों के बाहर जुट गई। जनरल फिजीशियन से लेकर बाल रोग आदि डाक्टरों की ओपीडी में मरीजों की खासी भीड़ रही। दोपहर तक ओपीडी में मरीजों की कतारें कम नहीं हुई।
डाक्टरों से परामर्श लेने के बाद भीड़ के चलते मरीजों को दवा लेने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी। जिला अस्पताल (पुरुष) के चिकित्सा अधीक्षक डा. पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि मौसम में बदलाव होने से अब मरीजों की संख्या हर रोज एक हजार पार कर रही है। लोग खान-पान में एहतियात बरतें।
पेयजल पोस्ट की मशीन खराब-ल कानपुर देहात। अकबरपुर संयुक्त जिला अस्पताल में मरीजों व तीमारदारों को स्वच्छ पानी मुहैया कराने के लिए कई वर्ष पहले पेयजल पोस्ट लगाया गया था। जिसमें हर समय पानी उपलब्ध रह सके। इसके लिए मशीनें लगा कर फ्रीजर भी लगाया गया था। लेकिन, देखरेख के अभाव में कई माह से जलापूर्ति के लिए लगी मशीन खराब हो गई।
इससे मरीजों और उनके तीमारदारों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। अब हालत यह है कि पेयजल पोस्ट के आसपास जलभराव से गंदगी जमा हो गई है। सीएमएस डा. पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि मशीन हो गई थी। जिसे मरम्मत के लिए भेजा गया है। जल्द ही पेयजल पोस्ट को दुरुस्त करा दिया जाएगा।