कालेजों के ऐसे छात्र- छात्राएं जो एक जनवरी 2016 को 18 वर्ष की आयु पूरी हो चुकी है या एक जनवरी 2017 को 18 वर्ष के हो रहे हैं। वह अपना नाम मतदाता सूची में जरूर जुड़वाएं। प्रधानाचार्य प्रार्थना के दौरान बच्चों को इससे अवगत कराएं। यह बात विकास भवन सभागार में बुधवार को प्रधानाचार्यों की बैठक के दौरान जिलाधिकारी कुमार रविकांत सिंह ने कही।
कहा कि किसी सदस्य का नाम भारत निर्वाचन आयोग की सूची से नहीं जुड़ा है तो विशेष दिवसों में वह अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 31 अक्टूबर तक किया जाना है। सभी मतदान केंद्रों, मतदेय स्थलों पर 25 सितंबर, 9 व 23 अक्टूबर को विशेष अभियान निर्धारित है।
इस अवधि में 18 वर्ष की आयु करने वाले, किसी नाम पर आपत्ति या किसी नाम में संशोधन, विधानसभा क्षेत्र में स्थान परिवर्तन के लिए क्रमश: निर्धारित प्रारूप 6, 6क, 7, 8 व 8क में आवेदन संबंधित मतदेय स्थल पर बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं।
अपर जिलाधिकारी अमरपाल सिंह ने कहा कि मतदाता पंजीकरण कार्य में शिक्षक, बीएलओ, ग्राम स्तरीय कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा, एएनएम, वीडीओ, किसान सेवक, सिविल सोसाइटी संगठन, स्वयं सेवक छात्र, एनसीसी कैडेटों सहयोग करेंगे।
उपनिर्वाचन अधिकारी शिवशंकर गुप्ता ने कहा कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2017 के लिए एसडीएम को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। यदि कोई मतदाता दो या अधिक जगहों से मतदाता सूची में दर्ज है तो इसकी शिकायत पर उसे छह माह की सजा का प्रावधान है। बैठक में डीआईओएस प्रेम प्रकाश मौर्य, एसडीएम जयनाथ यादव, सुरजीत सिंह, राजीव पांडेय सहित आदि प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
मतदाता पंजीकरण पर शिक्षण संस्थान होंगे सम्मानित- कानपुर देहात। जिलाधिकारी कुमार रविकांत सिंह ने निर्देश दिए कि आयोग के निर्देशानुसार सभी राजकीय, सहायता प्राप्त, निजी संस्थान, स्नातक व परास्नातक शिक्षण संस्थानों में मतदाता रजिस्ट्रेशन के लिए एक कक्ष को वोटर रजिस्ट्रेशन कक्ष के रूप में स्थापित किया जाए। सभी पात्र छात्र- छात्राओं का पंजीकरण कराने वाले शिक्षण संस्थाओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।