क्षेत्रीय सपा विधायक इंद्रजीत कोरी ने कहा कि सोलर पंप योजना किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। सिंचाई संसाधनों की बढ़ती जरूरत और बिजली की किल्लत के चलते सोलर पंप योजना किसानों के लिए उपयोगी विकल्प सिद्ध हो रही है। वहीं सूखे से निपटने के लिए किसानों को विस्तार से जानकारी दी गई।
बुधवार को विकास खंड भीतरगांव के परौली गांव में विकास खंड स्तरीय कृषि निवेश मेला का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक को बतौर मुख्य अतिथि बुलाया गया था।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि रबी में खादों और बीज की किल्लत न होने पाए इसके लिए वह सरकार से अनुरोध करेंगे। मेले में विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए गए थे।
मुख्य रूप से मृदा परीक्षण, यूपी एग्रो, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, कृषि रक्षा विभाग, पशुपालन विभाग और कृषि विभाग के स्टालों में किसानों की भीड़ रही। किसानों में मेले में लगाई गई लपेटा पाइप की प्रदर्शनी को देखने के बाद उसकी सराहना की।
उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी डा.सरस कुमार तिवारी, आत्मा के उप निदेशक एसए पांडेय, सीएसए के कृषि वैज्ञानिक डा.पीएन अवस्थी, डा.पीके उपाध्याय के अलावा श्रीकृष्ण यादव ने किसानों को कृषि, पशुपालन और बागवानी से संबंधित जानकारियां प्रदान कीं।
किसानों ने वैज्ञानिकों से कृषि की नई तकनीकों और सूखे की स्थिति में कौन सी फसलें बोएं इसकी जानकारी हासिल की। मेले और संगोष्ठी में राजकीय बीज भंडार के प्रभारी महेशचंद्र सचान, कृषि विषयवस्तु विशेषज्ञ लल्लूसिंह यादव, रवींद्र कटियार, हरिश्चंद्र प्रजापति और सुरेंद्र साहू आदि मौजूद रहे।