गजनेर थाना क्षेत्र के सरवनखेड़ा निवासी पीडब्लूडी कर्मचारी के घर मंगलवार की रात बदमाशों ने मकान में घुसकर नगदी व जेवरात सहित लाखों का माल चोरी कर ले गए। गृहस्वामी के सूचना के एक घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंच सकी।
सुपरवाइजर अमर सिंह बारा स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय में तैनात है। वह परिवार सहित सरवनखेड़ा में रहते हैं। बीती रात्रि वह अपनी बेटी, छोटे बेटे के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे। जबकि, उनकी पत्नी बड़े बेटे के साथ रिश्तेदारी में गई थी। सुबह 5 बजे बेटी विश्व मोहिणी जब जगी तो देखा कि कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा है। उसने अमर को जगाया। उन्होंने चोरी की सूचना 100 नंबर पर पुलिस को दी। सूचना के काफी देर तक पुलिस का एक सिपाही भी नहीं पहुंचा। करीब एक घंटे बाद पामा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
अमर सिंह ने बताया कि चोर शायद बगल में खाली पड़े मकान की चाहर दिवारी के सहारे घर में घुसकर कमरे में रक्खे बक्सों, अलमारी को खंगाल कर बक्से में रक्खे 2 बाले, मंगलसूत्र, एक बिछुवा सहित 35 हजार रुपये पर कर ले गए। गृहस्वामी ने इसकी लिखित तहरीर गजनेर थाने में दी पर पुलिस ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की। गजनेर थानाध्यक्ष नागेंद्र पाठक ने बताया कि मामले की जांचकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।