भांगड़ा ढोल के करतब दिखाते कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मंगलवार को कस्बे में पूरे उत्साह के साथ शिव बारात निकाली गई। इसमें शामिल होने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव और माता पार्वती की जय-जयकार से घाटमपुर गुंजायमान हो उठा। शिव-पार्वती विवाह समारोह के साक्षी बनने को हर वर्ग के लोगों में उत्सुकता दिखाई दी।
सुबह 9 बजे से कसबे के पुराना अस्पताल रोड पर स्थित बारीश्वर महादेव मंदिर परिसर से शिव की बारात निकाली गई। बारात कूष्मांडा देवी मंदिर परिसर के सूखे तालाब में बनाए गए विवाह स्थल पर पहुंची। वहां बीस फीट ऊंचे मंच पर शिव और पार्वती ने एक-दूसरे के गले में वरमाला पहनाई। शिव-पार्वती विवाह के इस पल को यादगार बनाने के लिए विवाह मंडप स्थल पर जनसैलाब उमड़ा दिखाई दिया। शिव बारात की व्यवस्था संभाल रहे अधिकारी भी माथे पर चंदन लगाए और सिर पर केसरिया पगड़ी बांधे चल रहे थे। एसडीएम संजय कुमार, सीओ रामकृष्ण चतुर्वेंदी और कोतवाल देवेंद्र कुमार द्विेदी खुद बाराती बनकर जुलूस के साथ चल रहे थे। वहीं, जूलूस में शामिल देवगणों और भूत-प्रेतों की टोलियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। जबकि महिलाएं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी शिव की बारात में शामिल थे।
शिवबारात में भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले और विधायक कमलरानी के साथ ही रनियां की विधायक प्रतिभा शुक्ला, उनके पति और पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी के अलावा कांग्रेस के पूर्व सांसद राजाराम पाल शामिल हुए।