बिल्हौर। क्षेत्र के गांगूपर, अरौल, हिलालपुर, आंकिन में तेज हवाओं और बारिश के बाद ओले गिरने से गेहूं समेत अन्य फसलों को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है।
आंधी से आम की फसल खराब होने और गेहूं की कटी फसल के उड़ जाने से किसानों को नुकसान हुआ। ककवन सदर बाजार में आंधी से मंडी का टिनशेड उड़ गया। टिनशेड के नीचे दबकर छह दुकानदार और ग्राहक चुटहिल हो गए। सभी को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
सोमवार को क्षेत्र के गांगूपुर, गजना, चीतामऊ, धौरारा, गांगूपुर, हसौली कांजीगंज, महदेवा आदि गांवों में तेज आंधी-बारिश के बाद ओलावृष्टि हुई। गांगूपर गांव के पंकज कटियार, श्रीचंद्र कठेरिया, छोटे अली, बसंत कश्यप आदि ने बताया कि ओला गिरने से सर्वाधिक नुकसान आम, टमाटर, ककड़ी, खीरा, तरबूज, लौकी, तरोई की फसलों को हुआ।
ककवन समाचार प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार की शाम करीब तीन बजे कस्बे के सदर बाजार में एकाएक आंधी चलने लगी। बाजार में लगा एक टिनशेड गिरने से उसके नीचे दुकान लगाए आशिक, रामजी गुप्ता, श्याम जी गुप्ता, प्रियंम गुप्ता, राजकिशोर, राजेश निवासी ककवन दब गए और चुटहिल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को सीएचसी भेजा।