कस्बे में गुरुवार को बिना मान्यता के संचालित स्कूलों में डीआईओएस ने छापेमारी की। जानकारी होते ही कस्बे के कई स्कूल संचालक बच्चों की छुट्टी करके खिसक गए। इस दौरान डीआईओएस को दो विद्यालय बिना मान्यता के संचालित मिले। इन स्कूलों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
बिना मान्यता के संचालित स्कूलों को नोटिस देने का क्रम जारी है। पिछले सत्र में दो दर्जन से अधिक स्कूलों को नोटिस जारी की गई थी। इसके बाद भी इन स्कूलों का संचालन बंद नहीं हुआ। दोबारा संचालित होने पर कोई कार्रवाई भी नहीं की गई। इस बार भी बिना मान्यता के स्कूलों पर कार्रवाई करने की खानापूरी की जा रही है। गुरुवार को डीआईओएस अरविंद कुमार द्विवेदी ने रूरा कस्बे के शिवाजी शिक्षा सदन, वीणा वादिनी हायर सेकेंड्री स्कूल का निरीक्षण किया। दोनों विद्यालय में कक्षा-10 तक की मान्यता मिली, जबकि वहां इंटर तक कक्षाएं संचालित मिलीं।
डीआईओएस ने दोनों विद्यालयों के संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। कस्बे के एक अन्य स्कूल में यूपी बोर्ड की मान्यता में सीबीएसई बोर्ड की कक्षाएं संचालित होने की जानकारी पर डीआईओएस वहां पहुंचे। स्कूल संचालक को निरीक्षण की भनक लगते ही छुट्टी करके खिसक गए। डीआईओएस ने बताया कि दो स्कूल संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।