सजेती क्षेत्र के अज्योरी गांव में एक युवक ने प्रेमिका को गोली मारकर खुद भी अपनी कनपटी पर तमंचे से गोली मार ली। दोनों की मौके पर मौत हो गई। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सीओ और फोरेसिंक टीम ने जांच-पड़ताल शुरू की। मौके पर 315 बोर का तमंचा बरामद किया है। हालांकि, अभीतक किसी भी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी है।
अज्योरी गांव निवासी श्रीपाल कोरी की बड़ी पुत्री पप्पी की शादी नौबस्ता (कानपुर) के मछरिया निवासी बबलू कोरी पुत्र विश्वंभर कोरी से हुई है। पप्पी का देवर पियूष उर्फ छोटू कोरी (25) का भाई की ससुराल अज्योरी में आना-जाना था। इसी दौरान उसका भाभी की छोटी बहन रीता देवी (21) से प्रेम संबंध हो गए। रीता ने इसी वर्ष बीएससी की परीक्षा पास की थी। जबकि, पियूष उर्फ छोटू हाईस्कूल फेल था, और वाहन चालक था।
इधर, बेटी की पढ़ाई पूरी होने के बाद घरवाले अच्छे रिश्ते की तलाश कर रहे थे। इसकी जानकारी लगते ही पियूष रीता के घरवालों पर शादी करने का दबाव बनाने लगा।
परिवार वालों ने मना कर दिया, और पियूष के अज्योरी आने पर भी आपत्ति जताई।
शुक्रवार की दोपहर 3 बजे पियूष उर्फ छोटू अकेले ही बाइक से अज्योरी आया। उस वक्त रीता अपने मकान के दरवाजे पर बैठी थी। जबकि, उसके मां-बाप पशुबाड़े में थे। पियूष ने आते ही रीता का हाथ पकड़ा और उसको घसीटते हुए मकान में ले गया। वहां शादी के लिए हां करने का दबाव बनाने लगा। रीता के इंकार करते पियूष ने तमंचा से उसके सीने में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर श्रीपाल का पड़ोसी कामता प्रसाद संखवार घर में पहुंचा तो पियूष ने तमंचा दिखाकर धमकाया। इसके बाद उसने खुद भी अपनी कनपटी में तमंचा सटाकर गोली मार ली। प्रेमी-प्रेमिका के शव खून से लथपथ पड़े थे। थानाध्यक्ष प्रयाग नारायण बाजपेई और सीओ अजय कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।