घाटमपुर(कानपुर)। बुधवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर उनका जन्मदिन उत्साह के साथ मनाया गया। बापू के आदर्श स्वच्छता ही सेवा है के तहत जगह-जगह सफाई अभियान चलाए गए। रैलियां निकालकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। ग्राम पंचायतों में लोगों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया गया। वहीं, सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में भी गांधी जी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री जी की जयंती मनाई गई।
कोतवाली परिसर में इंस्पेक्टर आरबी सिंह ने तिरंगा फहराया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को बापू और पूर्व प्रधानमंत्री स्व.लाल बहादुर शास्त्री के बारे में बताया। तहसील परिसर में आयोजित गांधी जयंती समारोह में बापू के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। नगर पालिका परिषद में गांधी जयंती का कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसके बाद नगर में स्वच्छता अभियान की रैली निकाली गई। वहीं, पुलिस कर्मियों ने भी स्वच्छता अभियान चलाया और लोगों को इसके प्रति जागरूक किया। अन्य सरकारी/गैर सरकारी संस्थानों में भी बापू और शास्त्री जी की जयंती मनाई गई।
कस्बा स्थित ब्लॉक मुख्यालय से गांधी जयंती के मौके पर एक रैली निकाली गई। जिसमें ब्लॉक के कर्मचारी, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य शमिल रहे। खंड विकास अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा ने झंडी दिखाकर ब्लॉक मुख्यालय से रवाना किया। रैली बेंदा, नवेड़ी, मुइया, श्रीनगर, घुघुवा, साखाजनवारा, दौलतपुर, धरमंगदपुर, सजेती, बरीपाल, कोरियां और परास गांवों का भ्रमण करने के बाद वापस ब्लॉक परिसर में समाप्त हुई। रैली में शामिल लोगों ने ग्रामीणों को पॉलिथीन मुक्त भारत बनाने के लिए प्रेरित किया। एडीओ (पंचायत) रविशंकर तिवारी, अशोक सचान, आदर्श पाराशर, चंद्रकांत मिश्रा, अभिषेक सिंह, राजकुमार मौर्या, गोविंद सिंह, सत्यप्रकाश और आरएन पटेल सहित अन्य लोग शामिल रहे।
ग्राम पंचायत निमधा में ग्राम प्रधान शिवबरन सिंह निषाद की अगुवाई में गांव के लोगों ने स्कूल परिसर, पंचायत भवन और गांव की एक गली में झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। वहीं, स्वच्छता के प्रति शपथ भी दिलाई गई। सुबह हुई बारिश से गांधी जयंती के कार्यक्रमों में व्यवधान भी पैदा हुआ।
पतारा प्रतिनिधि के अनुसार विकास खंड कार्यालय, बीआरसी, पशु चिकित्सालय, पुलिस चौकी और सीएचसी परिसर में गांधी जयंती के कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी कार्यालयों में कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता अपनाने की शपथ दिलाई गई। जबकि, परिसर में सफाई अभियान भी चलाया गया। भाट गांव के परिषदीय विद्यालय के बच्चों ने स्वच्छता रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। कस्बे के मदर कमला इंटर कालेज सहित अन्य स्कूलों में भी गांधी जयंती मनाई गई।