चौबेपुर थाना क्षेत्र के घिन्नीपुरवा गांव में विवादित भूमि पर रिश्तेदार को कब्जा दिलाने पर जिला पंचायत क्षेत्र सदस्यों के पति का कब्जेदार किसान से झगड़ा गया। कहासुनी के बाद हुई फायरिंग और झगड़े में चार लोग जख्मी हो गए। दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।
घिन्नीपुरवा गांव निवासी किसान सुशील मिश्रा ने पुलिस को बताया कि सिंहपुर गांव में उसकी तीन बीघा जमीन है। इस भूमि का वाद कोर्ट में विचाराधीन होने के बावजूद बसेन गांव के शिव तिवारी ने फर्जी ढंग से बैनामा करा लिया।
बैनामे का मामला भी कोर्ट में विचाराधीन है। किसान ने बताया कि शनिवार देर शाम वह खेत में गेहूं बुवाई कर रहे थे। तभी शिव तिवारी को कब्जा दिलाने की नियत से घिमऊ जिला पंचायत क्षेत्र सीट से निर्वाचित रिचा दुबे के पति विकास दुबे और जिला पंचायत क्षेत्र मालौं से निर्वाचित गुड्डी शुक्ला के पति अरुण शुक्ला अपने पुत्रों अनुराग, नमन और साथी जिलेदार सिंह के साथ चार पहिया गाड़ियों से आए और खेत जोत रहे ट्रैक्टर चालक प्रदीप से मारपीट करने लगे।
प्रदीप का हाथ तोड़ दिया। विकास दुबे पक्ष के लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। किसान ने बताया कि उसे बचाने आए पुत्र घनश्याम और बहू रश्मी को उक्त सभी लोगों ने पीटा।
इधर, फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास गांवों से लोगों को आते देख हमलावर भाग गए। उधर, शिव तिवारी का कहना है कि भूमि पर सुशील द्वारा कब्जे की जानकारी पर वह वहां गए थे।
वहां श्रीकांत राठौर, राकेश राठौर निवासी घिन्नीपुरवा के साथ सुशील मिश्रा, राजन मिश्रा, संतोष, अंकित ने उन पर फायरिंग और बमबाजी कर दी।