पांच माह पूर्व कार चालक की हत्याकर शव गजनेर थाना क्षेत्र के चंद्रनगर के पास फेंक कर कार लूटने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को धरदबोचा है। हत्याकांड में पांचवां आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार सहित चालक का पर्स व अन्य सामान बरामद किया है।
बता दें कि 22 अक्तूबर 2016 को उरई से लखनऊ एयरपोर्ट के लिए कार की बुकिंग की गई थी। कार में पांच लोग सवार होकर उरई से लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। कार को चालक रशीद चला रहा था। अगले दिन उसका शव गजनेर के चंद्रनगर गांव के पास सड़क किनारे पड़ा मिला था। कार मालिक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रविवार को थानाध्यक्ष नागेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि पूर्व में हुई कार चालक की हत्या व लूट के मामले में मुखबिर की सूचना पर गजनेर से नबीपुर की ओर आ रहे कार सवार अभय उर्फ बोनी निवासी सी-248 विश्व बैंक, बर्रा, कानपुर नगर, सुशील कुमार सैनी निवासी 127/57 यू-ब्लाक निराला नगर किदवई नगर, कानपुर, सनी पांडेय उर्फ स्वप्निल पांडेय निवासी ग्राम अमखेड़ा थाना, जनपद जालौन व दीपक सिंह भदौरिया निवासी ग्राम उमरी थाना रामपुरा, जालौन को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों के कब्जे से रशीद का पर्स, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, उसकी पत्नी का आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो व एक स्विफ्ट कार बरामद की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात कही है। एक आरोपी फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है।