सजेती के एक गांव में रहने वाले पूर्व ब्लाक प्रमुख की बेटी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव घर के पास पशुबाड़े में पड़ा मिला। परिजनों ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने रेप और हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पोस्टमार्टम में युवती की जहर से मौत की पुष्टि हुई है। चोट के निशान नहीं मिले हैं, हत्या का कोई सबूत नहीं मिला है। जहर की तीव्रता और प्रकार जानने के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है। रेप के आरोप की जांच के लिए स्लाइड भी बनाई गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि स्लाइड रिपोर्ट आने पर रेप हुआ या नहीं, इसकी पुष्टि हो सकेगी।
बसपा से ब्लाक प्रमुख रहे शख्स की 20 वर्षीय बेटी इलाके के एक डिग्री कालेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। पूर्व ब्लाक प्रमुख के बड़े भाई जिला जज रह चुके हैं। पूर्व ब्लाक प्रमुख ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ खाना खाया। पिता खान्रा खाने के बाद खेतों में लगे नलकूप पर सोने चले गए। परिवार केबाकी सदस्य भी घर में सो गए।
उनकी बेटी अपने नाना के बगल में चारपाई डालकर सोई थी। रात करीब 11 बजे बेटी के मोबाइल पर किसी का फोन आया। इसके बाद वह घर से चुपचाप निकल गई। शुक्रवार सुबह वह चारपाई पर नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। तभी उसका शव पशुबाड़े में पड़ा मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन के बाद पूर्व ब्लाक प्रमुख की बेटी के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली। इसके बाद गांव के ही एक युवक को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष लोकेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम में जहर खाने से पूर्व ब्लाक प्रमुख की बेटी की मौत होने की पुष्टि हुई है। उसने जहर खाया या किसी ने खिलाया, इसका पता जांच के बाद चल सकेगा। स्लाइड को शनिवार को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।
मैंने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया है। शक के आधार पर पकड़े गए युवक से पूछताछ की है। मामले की जांच की जा रही है।
अखिलेश कुमार, एसएसपी