कलक्ट्रेट में नामांकन पर्त्र खरीदते उम्मीदवार।
उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन के तीसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। पहले दिन चारों विधानसभा क्षेत्रोँ के लिए 33 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इनमें सर्वाधिक पर्चे निर्दलीय उम्मीदवार खरीदकर ले गए हैं। ऐसे में निर्दलीय उम्मीदवारों की बाढ़ से पार्टियों का गणित बिगड़ता नजर आ रहा है। सर्वाधिक पर्चों की बिक्री सिकंदरा विधानसभा में हुई है।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सुबह 11 से लेकर शाम तीन बजे तक पर्चा दाखिल करने का समय है। पहले दिन प्रत्याशी और उनके समर्थक पर्चा खरीद कर ले गए। अकबरपुर रनियां विधानसभा में नौ पर्चों की बिक्री हुई। इनमें बीएसपी से डा. सतीश शुक्ला ने पर्चा खरीदा। इसके अलावा लोकदल से विजय लक्ष्मी यादव, जद (यूनाइटेड) से बलवान सिंह सहित नौ दावेदारों ने निर्दलीय के रूप में पर्चा खरीदा।
इसी तरह से सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र से बीएसपी के महेंद्र कटियार उर्फ बब्लू, समाजवादी पार्टी से सीमा सचान, निर्धन समाज पार्टी से दस्यु सुंदरी सीमा यादव, भाजपा से मथुरा पाल, निर्दलीय के रूप में रामजी गुप्ता ने पर्चा खरीदा है।
इस तरह से सर्वाधिक पर्चे सिकंदरा में बिक चुके हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक अब तक 14 पर्चे बिक चुके हैं। सबसे कम रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र में तीन पर्चे बिके। पहले दिन बीएसपी की पूनम संखवार ने पहुंचकर पर्चा खरीदा। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) ने बताया कि विधानसभा वार रिटर्निंग अफसर तैनात किए गए हैं। पहले दिन एक भी नामाकंन नहीं हुआ है।