पौधशाला के पास कांबिंग करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
गुरुवार दोपहर औरैया स्थित पौधशाला के पास अपहरण की झूठी सूचना देकर अज्ञात फोन कर्ता ने फिरोजाबाद व देहात पुलिस को गुमराह किया। फिरोजाबाद पुलिस कंट्रोल से अपहरण की सूचना पर देहात पुलिस औरैया स्थित पौधशाला के पास घंटों कांबिंग करती रही, लेकिन अपह्त का कोई सुराग न मिलने पर बैरंग लौट आई।
फिरोजाबाद पुलिस कंट्रोल को कंचौसी-दिबियापुर कैनाल रोड किनारे पौधशाला के पास एक व्यक्ति को मारपीट कर अपहरण करने की सूचना फोन से गुरुवार दोपहर को मिली। फिरोजाबाद से यह सूचना देहात कंट्रोल रूम को दी गई।
इसके बाद हरकत में आए मंगलपुर थानाध्यक्ष जेपी यादव, चौकी प्रभारी कंचौसी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ पौधशाला पहुंचे। मौके पर पहुंचने के बाद पौधशाला के औरैया में होने की जानकारी मिली। इसके बावजूद पुलिस ने क्षेत्र में तीन घंटे तक कांबिंग की।
इस दौरान पुलिस ने पौधशाला प्रभारी जंगी सिंह और माली अमर सिंह से पूछताछ की। उक्त लोगों ने किसी भी अपहरण की घटना से इंकार किया। वहीं कंट्रोल रूम को सूचना देने वाले ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। घटना झूठी पाए जाने पर पुलिस वापस लौट आई। पौधशाला प्रभारी जंगी सिंह ने बताया कि पौधशाला अछल्दा रेंज की है।
थानाध्यक्ष मंगलपुर जेपी यादव ने बताया कि अपहरण की सूचना पर मौके पर औरैया स्थित पौधशाला के आसपास खोजबीन की गई है। पूछताछ में घटना झूठी पाई गई है। सूचना कर्ता का पता लगाया जा रहा है।