ब्लाक प्रमुख के चुनावी रंजिश में मंगलवार की रात कस्बे में सपा ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी के समर्थक को कार सवार अज्ञात लोगों ने तमंचे से गोली मार दी।
ग्रामीणों को आते देखकर हमलावर फरार हो गए। गोली से जख्मी युवक को ग्रामीण सीएचसी ले गए, जहां से उर्सला रेफर कर दिया गया है। ककवन थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।
ककवन विकास खंड में ब्लाक प्रमुख के चुनावों की सरगर्मी तेज हैं। समाजवादी पार्टी से सतेंद्र दुबे उर्फ राजू को ब्लाक प्रमुख का प्रत्याशी बनाया गया है।
इसी सीट पर पूर्व विधायक कमलेश चंद्र दिवाकर की पत्नी और निवर्तमान ब्लाक प्रमुख निर्मला दिवाकर दावेदार हैं। सतेंद्र दुबे उर्फ राजू के समर्थक और सहकर्मी संजय सिंह (40) पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी गांव मुनौव्वरपुर मंगलवार की देररात बिल्हौर से अपने घर बाइक से जा रहे थे।
डम्मन निवादा-विषधन मार्ग पर गांव से पहले ही सफेद रंग की कार में घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली लगते ही संजय सिंह बाइक समेत दूर जा गिरे।
फायर की आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीणों को आता देखकर हमलावर अंधेरे का लाभ लेकर भाग गए। जख्मी हालत में ग्रामीणों ने संजय को सीएचसी ककवन में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने से डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया।