भोगनीपुर कोतवाली के सुखसौरा गांव में आग लगने से झुलसी एक महिला की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं शादी कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
गुरुवार की भोर पहर में रनियां अकबपुर के सिहुरा निवासी आशा देवी उर्फ गुन्नो (50) की हैलट, कानपुर में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई आशा की मौत की खबर पर परिवार में कोहराम मच गया। अग्निकांड में चला सामान मकान से बाहर कर दिया गया है।
इधर दुल्हन के पिता तुर्कीमऊ निवासी तुलसीराम ने बताया कि हादसे के बाद बेटी की शादी का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। मेहमानों को विदा किया जा रहा है। सभी लोग इस समय अस्पताल में हैं। वहीं गुरुवार को सुखसौरा पहुंचे तहसीलदार एआर फारुकी ने मौका मुआयना किया। बताया कि मृत महिला की रिपोर्ट भेजी जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कानपुर में ही होगा।
मालूम रहे कि सुखसौरा निवासी शिवकुमार पाल के पुत्र गंभीर सिंह की बारात गुरुवार को मूसानगर थाना के तुर्कीमऊ गांव जानी थी। गत बुधवार को शिवकुमार के घर माईमैधरा का कार्यक्रम होना था। रिश्तेदार आ चुके थे। महिलाएं उनके लिए नाश्ता और खाना बना रही थीं। अचानक रसोई गैस के चूल्हे से रबड़ निकल गई और आग लग गई।
सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग बुझाई। आग से महिलाओं समेत 18 लोग झुलस गए, उनमें से 10 लोगों को कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात उनको देखने के लिए जा रहे शिवकुमार (50) भी पुखरायां के पास बाइक गिरने से जख्मी हो गए।