थाना क्षेत्र में शोहदों की छेड़छाड़ से तंग आकर एक छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। छात्रा व उसके परिजन एक पखवारे से शिकायत दर्ज कराने को भटक रहे हैं। जबकि, आरोपी युवक लगातार परिवार को धमका रहा है। वहीं, रसूलाबाद पुलिस मामले में कार्रवाई करने के बजाय कार्रवाई करने से कतरा रही है। इससे छात्रा के परिजन भी परेशान हैं।
रसूलाबाद कसबे के एक कालेज में पढ़ने वाली कक्षा-11 की छात्रा ने 20 फरवरी को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि स्कूल आते जाते रास्ते में एक युवक अपने साथियों के साथ अश्लील छींटाकशी करते हैं। युवक अपहरण करने की धमकी भी देता हैं। पीड़िता की तहरीर पर थानाध्यक्ष ने उक्त युवक पर कार्रवाई का आश्वासन देकर वापस कर दिया था।
तब से वह थाने के चक्कर काट रही है। जबकि, पुलिस आरोपियों के फरार होने की बात कह कर टरका देती है। युवकों की ओर से धमकियां दी जा रहीं हैं। थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी ने बताया कि आरोपी तीनों छात्र घर से फरार हैं। आरोपियों को शीघ्र पकड़ कर कार्रवाई की जाएगी। लड़कों के बाहर होने से छात्रा को खतरे की कोई बात नहीं है।