तहसील क्षेत्र के चितौली गांव में आर्थिक तंगी और सूखे की मार से परेशान होकर एक किसान ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। उसका शव कानपुर-बांदा रेलवे ट्रैक पर बम्हौरी गांव के पास मिला। तहसीलदार ने बताया कि मामले की जांच कराने के बाद मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
देवनरायन उर्फ छंगू साहू (45) पुत्र स्व. राजाराम के परिवार में पत्नी कुसमा, बेटे अंशू (17), ललित (12) और बेटी क्षमा (8) के अलावा बूढ़ी मां मैकी देवी हैं। छंगू के नाम मात्र एक बीघा कृषि भूमि है, जिसके चलते वह गांव के संपन्न किसानों के खेत बटाईदारी पर लेकर खेती करता था। बीते तीन सालों से मौसम की मार से खेतों में खाने भर को भी अनाज पैदा नहीं हो रहा था।
बुधवार की शाम छंगू खाना खाने बैठा तो घर में कुछ न होने से पत्नी ने सूखी रोटी और नमक खाने को दिया। यह देख वह किसी तरह से एक रोटी खाने के बाद सोने चला गया। रात में किसी समय वह घर से निकल गया। सुबह उसकी लाश बम्हौरी गांव के निकट रेलवे ट्रैक पर पड़ी मिली।
उसने भोर किसी ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। गांव के संजीव तिवारी और दिलीप कुमार साहू ने बताया कि छंगू का परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।
सजेती थानाध्यक्ष आलोक यादव ने बताया कि छंगू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि घर की बदहाल स्थिति देख छंगू काफी दिनों से अवसादग्रस्त चल रहा था।