इसी चटकी पटरी से निकल गई फरीदाबाद मालगाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-हावड़ा रूट पर झींझक रेलवे स्टेशन के पास अप लाइन की चटकी पटरी से फरीदाबाद मालगाड़ी धड़धड़ाते हुए निकल गई। इससे 22 मिनट तक अप लाइन का यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंचे पीडब्ल्यूआई स्टाफ ने चटकी पटरी को फिस प्लेट व क्लैंप के सहारे कसकर ठीक किया। इसके बाद ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू हो सका।
झींझक रेलवे स्टेशन के अप आउटर सिग्नल के पास से फरीदाबाद मालगाड़ी निकलते समय पटरी चटक गई। मालगाड़ी चटकी हुई पटरी से धड़धड़ाते हुए निकल गई। इस कारण बड़ा हादसा होते-होते बच गया। स्टेशन मास्टर ने पैनल बोर्ड पर मैसेज देखकर सूचना एसएनटी स्टाफ को दी।
पीडब्ल्यूआई स्टाफ ने चटकी पटरी की फिस प्लेट को क्लैंप के सहारे कसकर ठीक किया। इस बीच 22 मिनट तक अप की दादरी मालगाड़ी झींझक रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।
स्टेशन अधीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि अप लाइन में रेल फ्रैक्चर होने से दोपहर 02:03 बजे से 02:25 बजे तक अप लाइन का यातायात बाधित रहा। चटकी पटरी की मरम्मत के बाद अप की सभी ट्रेनों को धीमी गति से निकाला जा रहा है।
पीडल्यूआई झींझक यूसी चौहान ने बताया कि फिलहाल पटरी की मरम्मत कर ठीक किया गया है। ब्लाक मिलने पर चटकी पटरी को हटाकर वहां पर नई पटरी लगाई जाएगी।