अकबरपुर कोतवाली में रखी नकली शराब, जानकारी देते एसपी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कानपुर देहात जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम नहीं लग पा रही है। मड़ौली गांव में भारी मात्रा में नकली शराब बरामद होने के बाद भी कारोबारी सक्रिय है। बुधवार को स्वाट टीम और अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने बारा जोड़ के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया। बाइक में नकली शराब व सामग्री लेकर जा रहा था। इस कारोबार के सरगना के कानपुर नगर स्थित ठिकाने पर छापेमारी कर पुलिस ने वहां से भी नकली शराब बरामद की है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में नकली शराब पकड़े जाने का खुलासा करते हुए एसपी रतनकांत पांडेय ने बताया कि स्वाट टीम व अकबरपुर पुलिस संयुक्त रुप से बारा गांव निवासी मनोज कुमार को बारा जोड़ के पास से गिरफ्तार किया। वह बाइक में 3 पैकेट में नकली शराब, 108 क्वार्टर माधुरी शराब लेकर एक गांव में बिक्री को ले जा रहा था।
पूछताछ में सरगना का नाम जितेंद्र यादव उर्फ जीतू यादव निवासी जूही लाल कालोनी, कानपुर नगर बताया। उसकी निशानदेही पर स्वाट टीम ने कानपुर में छापेमारी की। पुलिस आने की भनक लगते आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस को घर से 5 पैकेट नकली शराब, 215 क्वार्टर माधुरी ब्रांड नकली शराब, एक बोरी में 70 क्वार्टर बिना रैपर वाली शीशी में पैक शराब, 3 जरीकेन तरल पदार्थ, 288 खाली क्वार्टर, 11 हजार ढक्कन, बरामद हुए। पुलिस को पकड़े गए युवक के पास से एक बिना नंबर की बाइक मिली है जिससे वह नकली शराब व सामग्री लेकर जा रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह शराब लेकर कहां जा रहा था।
स्वाट टीम प्रभारी रोहित तिवारी ने बताया कि पकड़े गए युवक ने कई महत्वपूर्ण सुराग दिए हैं, जिस पर काम किया जा रहा है। मामले में पकड़े गए युवक व उसके सरगना पर मुकदमा दर्ज किया गया है। कारोबार के सरगना की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। अवैध शराब पकड़ने वाली टीम में एसआई उपदेश कुमार, रोशन सिंह, स्वाट टीम के संजय सिंह, राघवेंद्र भदौरिया, अनूप कुमार आदि मौजूद रहे।