संविदा पर तैनात राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मियों को कर्मचारी भविष्य निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ मिलेगा। जिले के स्वास्थ्य विभाग में काम कर रहे 383 संविदा कर्मियों को मिलेगा। सीएमओ डा. अनीता सिंह ने बताया कि संविदा कर्मियों का विवरण तैयार कराया जा रहा है। जिसे शीघ्र ही क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त को भेजा जाएगा।
सीएमओ कार्यालय सहित स्वास्थ्य विभाग में तैनात कर्मियों को एकमुश्त मानदेय दिया जा रहा था। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत 1 अप्रैल 2014 से कर्मचारी भविष्य निधि का लाभ संविदा कर्मियों को दिया जाएगा। जिसके दायरे में डाटा इंट्री आपरेटर, संविदा फार्मासिस्ट, फोर चेन हैंडलर, संविदा वार्ड आया सहित अन्य कर्मचारी होंगे।
ईपीएफ का लाभ ऐसे संविदा कर्मचारियों को मिलेगा। जिनका मानदेय 15 हजार रुपये प्रतिमाह तक है। कर्मचारियों के वेतन से 12 प्रतिशत की दर से ईपीएफ कटौती कर्मचारी भविष्य निधि के अंशदान के रूप में की जाएगी।
कर्मचारियों को ईपीएफ का लाभ देने के लिए क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त कानपुर ने सीएमओ से कर्मियों का नाम, पिता का नाम, नियुक्ति की तिथि व वेतन संबंधी सूची मांगी है। कर्मचारी संघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष रत्नेश वाजपेयी ने बताया कि संविदा कर्मी ईपीएफ का लाभ देने की कई वर्षों से मांग कर रहे थे। जिले के संविदा कर्मियों ने खुशी जताई है।