भरथना स्थित पाराषण केंद्र में मरम्मत कार्य के चलते रविवार सुबह से झींझक में करीब सात घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे करीब 250 गांवों प्रभावित रहे। वहीं, रूरा सबस्टेशन में मरम्मत के चलते सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक सप्लाई ठप रही।
भरथना पाराषण केंद्र से कठिका पाराषण केंद्र में विद्युत सप्लाई आने पर झींझक विद्युत उपकेंद्र मे सप्लाई दी जाती है। रविवार भोर भरथना पाराषण केंद्र मे मरम्मत कार्य होने से झींझक, कंचौसी, विश्व बैंक प्रथम, द्वितीय, मकनियापुर व रसूलाबाद फीडर से जुड़े 250 गांवों की बिजली करीब सात घंटे के लिए गुल हो गई। शनिवार को भी झींझक में तार टूटने से 85 गांवों की बिजली सप्लाई ठप रही थी।
जेई सचिन यादव ने बताया कि भरथना पाराषण केंद्र मे मरम्मत का कार्य चलने से सुबह 5:45 से दोपहर 1:00 बजे तक बिजली सप्लाई बाधित रही। वहीं, रूरा सबस्टेशन में सुबह 8 बजे मरम्मत का कार्य शुरू होने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे रूरा समेत दो दर्जन से ज्यादा गांवों की बिजली गुल रही। एसडीओ ईश्वर चंद्र तिवारी ने बताया कि मरम्मत के चलते सुबह 8 से शाम 8 बजे सप्लाई बंद रही है। इसी तरह सोमवार को भी मरम्मत के चलते दिन में 12 घंटे बिजली सप्लाई नहीं की जाएगी।