समारोह में बोलते बिठूर विधायक मुनींद्र शुक्ला
- फोटो : electric
मंगलवार को भीतरगांव विकास खंड के कसबा साढ़ में 220 केवीए क्षमता के उपकेंद्र का शिलान्यास किया गया। अधिकारियों ने बताया कि 140.05 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कार्य निर्धारित समय (18 माह) के पहले पूरा कराने के साथ ही आपूर्ति चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वहीं, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा लखनऊ में किए गए शिलान्यास पत्थर को बिठूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मुनींद्र शुक्ला की मौजूदगी में लगाया गया।मालूम हो कि, साढ़ और आसपास के क्षेत्र में अब नौबस्ता उपकेंद्र से वाया बिधनू से बिजली आपूर्ति होती है। इससे आए दिन इस इलाके के लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ता है।
पारेषण के अधीक्षण अभियंता सत्यप्रिय कुकरेती ने बताया कि नए उपकेंद्र को लखनऊ-फतेहपुर की विद्युत पारेषण लाइन से जोड़ा जाएगा। इससे साढ़ के लोगों को भरपूर बिजली मिलने लगेगी। वहीं, शिलान्यास समारोह में विधायक मुनींद्र शुक्ला ने अधिकारियों से कहा कि वह छह महीने में उपकेंद्र के निर्माण का काम पूरा कराएं।
उन्होंने क्षेत्रीय जनता को आश्वस्त किया कि उपकेंद्र का निर्माण होने के बाद उनको दिनभर में कम से कम 14 से 16 घंटे के बीच बिजली मिलेगी। इस मौके पर बिजली विभाग के मुख्य अभियंता हरीप्रसाद गुप्ता, अधीक्षण अभियंता (पारेषण) सत्यप्रिय कुकरेती और अधिशाषी अभियंता एससी शर्मा के अलावा स्थानीय सहायक और अवर अभियंता भी मौजूद रहे।