अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष और मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने कहा कि उप्र में उनकी पार्टी विधानसभा का चुनाव एनडीए के साथ मिलकर लड़ेगी।
उन्होंने प्रदेश की अखिलेश सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि सरकार बनने से पहले सपा ने घोषणा पत्र में जो वादे किए थे, उनको चार साल बीतने के बाद भी पूरा नहीं किया।
वह रविवार को कसबे के मूसानगर रोड पर स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित अपना दल के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं।
वही कार्यकर्ताओं से कहा कि किसी भी मंजिल तक पहुंचने के लिए पहले अकेले आगे बढ़ो कारवां तुम्हारे पीछे जुड़ता चला जाएगा। कहा कि इसके लिए दृढ़ इच्छाशक्ति और जनता के हर सुख-दुख में जुड़ाव भी होना चाहिए। उन्होंने स्वच्छ छवि की सरकार चुनने के लिए प्रत्याशी के साथ ही दलों के घोषणा पत्रों को ध्यान से पढ़ने और फिर सोच-समझकर प्रतिनिधि का चुनाव करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के उप्र चुनाव में अपना दल एनडीए से गठबंधन कर प्रत्याशी खड़ा करेगा। कहा कि इसके लिए रोजाना प्रदेश के किसी न किसी जिले में कार्यकर्ता बैठक और सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यकर्ता सम्मेलन में धर्मराज पटेल, अवधराज वर्मा, सुखलाल किसान, केदारनाथ सचान, सतीश गंगवार, मंगल पटेल, सुरेंद्र सैनी और दिनेश शुक्ला के अलावा स्थानीय स्तर पर राजू वर्मा, अनिरुद्ध सचान और ज्ञानसिंह सचान सहित अन्य लोगों ने भी विचार व्यक्त किए।