घाटमपुर कसबे के हमीरपुर रोड पर रविवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक और डंपर की सीधी भिड़ंत में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है।
हादसा कोतवाली घाटमपुर और थाना सजेती के सीमा क्षेत्र में स्योंदी-ललईंपुर और गुजेला गांवों के बीच में हुआ। कसबा घाटमपुर के मोहल्ला अशोक नगर दक्षिणी निवासी पप्पू शर्मा खाली डंपर लेकर कबरई (महोबा) पत्थर की गिट्टी लादने जा रहा था।
डंपर में उसने हमीरपुर की कुछ सवारियां भी बैठा रखी थीं। शाम करीब 4 बजे वह तेज रफ्तार में डंपर लेकर जा रहा था। वह जैसे ही स्योंदी-ललईंपुर और गुजेला गांवों के बीच में बने ब्रह्मदेव मंदिर के पास पहुंचा, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई।
हादसे में डंपर चालक पप्पू शर्मा के अलावा उसमें सवार रोहित कुमार निषाद, संतराम निषाद और विनय निषाद निवासी मेरापुर (हमीरपुर), बबलू निषाद निवासी बदनपुर (दपसौरा), थाना चांदपुर फतेहपुर और मोहन सिंह निवासी मलासा, थाना बरौर (कानपुर देहात) घायल हुए।
जबकि, ट्रक का चालक अजय कुमार पटेल और खलासी श्रवण कुमार निवासी टिकरिया थाना गोसलपुर, जबलपुर (मध्य प्रदेश) समेत आठ लोग घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही घाटमपुर और सजेती पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
सजेती एसओ राजेश कुमार सिंह ने उनको वाहनों से निकलवाने के बाद सीएचसी घाटमपुर भिजवाया, जहां से डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद छह लोगों को कानपुर रेफर किया है, जिनमें डंपर चालक सहित चार की हालत गंभीर बताई गई है। डंपर में सवार लोगों ने बताया कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ।