दिल्ली-हावड़ा रूट के झींझक स्टेशन पर मंगलवार की सुबह कानपुर से आ रही फरक्का एक्सप्रेस से उतरते समय बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा गिरकर घायल हो गई। जीआरपी ने छात्रा को सीएचसी भर्ती कराया, जहां उसकी गंभीर स्थित को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बता दें कि कानपुर सेंट्रल से झींझक स्टेशन तक अप की फरक्का एक्सप्रेस को गोमती एक्सप्रेस के स्थान रोका गया था। ट्रेन में पनकी गंगागंज निवासी बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा रीता पुत्री रघुनाथ परीक्षा देने झींझक आ रही थी। झींझक में ट्रेन रुकने पर उतरने के दौरान सिग्नल होने से हड़बड़ाहट में पैर फिसलने से वह गिर गई। सूचना पर पहुंचे जीआरपी कर्मियों ने छात्रा को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखकर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
छात्रा ने बताया कि वह झींझक के एक परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने के लिए आई थी। अस्पताल के अधीक्षक डाक्टर विमलेश वर्मा ने बताया कि छात्रा के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। चौकी प्रभारी जीआरपी झींझक उपेंद्र कुमार ने बताया कि घायल को उपचार के लिए झींझक सीएचसी भेजा गया था, साथ ही परिजनों को सूचना दी गई है।